कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज
प्रयागराज। सरायममरेज थाना क्षेत्र के जंघई बाजार से धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जंघई बाजार निवासी कल्लू जायसवाल ने मड़वा गांव निवासी राजेश सोनी पर सोने के आभूषण गिरवी रखकर 20 लाख रुपये लेने और बाद में आभूषण नकली निकलने के बाद पूरी रकम वापस नहीं करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि मामले में कई महीने बीत जाने के बावजूद अब तक आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
कल्लू जायसवाल के मुताबिक, राजेश सोनी ने उनके पास सोने के आभूषण गिरवी रखे थे। आभूषणों को असली मानते हुए उन्होंने राजेश सोनी को 20 लाख रुपये दे दिए। बाद में जब आभूषणों की जांच कराई गई तो उनके नकली होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद कल्लू जायसवाल ने नरेंद्र मिश्रा की मौजूदगी में उक्त आभूषण राजेश सोनी को वापस सौंप दिए। पीड़ित का आरोप है कि राजेश सोनी ने उस समय अपनी गलती स्वीकार करते हुए 5 लाख रुपये वापस कर दिए और शेष 15 लाख रुपये 15 दिन के भीतर लौटाने का भरोसा दिया। आरोप है कि निर्धारित समय बीतने के बाद भी रुपये वापस नहीं किए गए। कई महीने गुजर जाने के बावजूद पीड़ित को उसके 15 लाख रुपये नहीं मिल सके हैं।
कल्लू जायसवाल का कहना है कि उन्होंने मामले की लिखित शिकायत सरायममरेज थाने से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक की। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद कई दिन बीत जाने के बाद भी मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। लगातार थाने और अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर काटने के बाद अब पीड़ित ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने मामले की जांच कराकर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने और अपनी शेष रकम वापस दिलाए जाने की मांग की है।
नोट: मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
