जंघई से लापता दो नाबालिग बहनें वाराणसी में सकुशल बरामद, पढ़िए इस रिपोर्ट में वह पूरी कहानी जो आप जानना चाहते हैं - By Coverage India


कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज 

प्रयागराज। सरायममरेज थाना क्षेत्र के जंघई से 18 सितंबर को लापता हुईं दो नाबालिग बहनों परी और अनन्या पाण्डेय को पुलिस ने मंगलवार को वाराणसी से सकुशल बरामद कर लिया। दोनों को चेतगंज थाना क्षेत्र स्थित आर्या गर्ल्स हॉस्टल के पास से बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष पेश कर अग्रेतर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, दोनों बहनें 18 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे गांव स्थित स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। पिता सभाशंकर पाण्डेय की तहरीर पर 19 सितंबर को सरायममरेज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। बच्चियों की तलाश के लिए छह पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि स्कूल से निकलने के बाद दोनों ने जंघई स्थित जनसेवा केंद्र से एक हजार रुपये निकाले और ऑटो से सुरियांवा रेलवे स्टेशन पहुंचीं। वहां से दोनों ट्रेन से मढ़ुआडीह पहुंचीं। इसके बाद वाराणसी के विभिन्न प्रमुख स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। पुलिस ने सोशल मीडिया और अन्य तकनीकी माध्यमों से भी बच्चियों की तलाश की।

पुलिस को बाद में सूचना मिली कि दोनों बच्चियां वाराणसी के दशाश्वमेध घाट क्षेत्र में भटकती हुई मिली थीं। आर्या गर्ल्स हॉस्टल के संचालक अरविंद कुमार सिंह उन्हें सुरक्षा की दृष्टि से अपने हॉस्टल ले आए थे। सोशल मीडिया पर प्रसारित गुमशुदगी की सूचना से बच्चियों की पहचान की जानकारी मिलने के बाद हॉस्टल संचालक ने सरायममरेज पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को सकुशल बरामद कर लिया।

बाल विवाह का आरोप, जांच के बाद होगी स्थिति स्पष्ट

वाराणसी से सामने आए एक वीडियो में दोनों बच्चियां कथित तौर पर घर छोड़ने की वजह बताते हुए कह रही हैं कि माता-पिता की मृत्यु के बाद उनके मामा ने उनका बाल विवाह कर दिया था। बच्चियों का कहना है कि इसी बात से नाराज होकर वे घर से चली गई थीं।

हालांकि, बच्चियों द्वारा लगाए गए इस आरोप की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल दोनों बच्चियों को बरामद कर लिया गया है और मामले में विधिक प्रक्रिया जारी है।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने