कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। रामराज थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुए एक शातिर बदमाश का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आमतौर पर एनकाउंटर में घायल आरोपी दर्द से कराहते दिखाई देते हैं, लेकिन इस मामले में बदमाश की एक अनोखी मांग ने सभी को हैरान कर दिया। जानकारी के अनुसार, रामराज थाना पुलिस जमालपुर नहर पटरी पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक संदिग्ध युवक वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन आरोपी ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक संदिग्ध मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पर लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस बीच मुठभेड़ के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो में घायल बदमाश पुलिस अधिकारियों से कहते हुए सुनाई दे रहा है, "साहब, बीड़ी पिलवा दीजिए... या बड़ी गोल्ड ही पिला दो।" उसकी यह अप्रत्याशित मांग सुनकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी कुछ पल के लिए हैरान रह गए। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच करते हुए मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
वीडियो
