अधिवक्ताओं के हित सर्वोपरि, वादों को पूरा करना प्राथमिकता: नवनिर्वाचित महासचिव संतोष कुमार मिश्रा - By Coverage India


कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज 

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित महासचिव संतोष कुमार मिश्रा ने जीत दर्ज करने के बाद आयोजित प्रेस मिलन वार्ता में अधिवक्ताओं के कल्याण को अपनी मुख्य प्राथमिकता बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान अधिवक्ताओं से किए गए सभी वादों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा किया जाएगा।

पत्रकारों से वार्ता करते हुए महासचिव संतोष कुमार मिश्रा ने अधिवक्ताओं के स्वास्थ्य सुधार से जुड़ी अपनी प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि एस.आर.एन., बेली और काल्विन जैसे प्रमुख सरकारी अस्पतालों में अधिवक्ताओं के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था कराई जाएगी। इसके अलावा, अधिवक्ताओं और उनके परिजनों को कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष हेल्थ कार्ड जारी कराने का प्रयास किया जाएगा, जिसके लिए संबंधित विभागों और अस्पताल प्रबंधन से जल्द वार्ता शुरू होगी।

हाईकोर्ट परिसर के आसपास यातायात एवं जाम की गंभीर समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से भेंटकर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ कराया जाएगा, ताकि अधिवक्ताओं व वादकारियों को आवागमन में सुगमता हो सके।

चेंबर आवंटन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आवंटन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाएगा और युवा व जरूरतमंद अधिवक्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

महासचिव ने कहा कि वे शीघ्र ही मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात कर अधिवक्ताओं की समस्याओं और हितों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। उन्होंने समस्त सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिवक्ता समाज ने जो विश्वास जताया है, वे सदैव उनके साथ खड़े रहेंगे।

इस अवसर पर अधिवक्ता अशोक शुक्ला, हेमंत दुबे, आदिल अहमद खान, प्रवीण त्रिपाठी, विनय कुमार मिश्रा, बृजेश कुमार चतुर्वेदी, मलय शर्मा, मनोज शुक्ला, बुद्धि सागर त्रिपाठी, अमरनाथ तिवारी, पवन मिश्रा, वेद प्रकाश पांडे तथा उत्तर प्रदेश ब्राह्मण परिषद के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार मिश्रा व सचिव संजीव कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने