प्रयागराज में शराब कारोबारी की बहू ने लगाई फांसी: कमरे से मिला सुसाइड नोट, लिखा- 'अब और जीना नहीं चाहती' - By Coverage India



कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज 

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के धूमनगंज थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे से सनसनी फैल गई। यहां एक नामी शराब व्यवसायी की 31 वर्षीया बहू हर्षिता श्रीवास्तव का शव उनके घर की पहली मंजिल पर स्थित कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना के समय घर पर सास और ननद मौजूद थीं। मौके पर पहुंची पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें मानसिक परेशानी का जिक्र करते हुए लिखा गया है कि 'अब और जीना नहीं चाहती'।

मासूम बच्ची के रोने पर हुआ शक

जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 1 बजे हर्षिता अपनी डेढ़ साल की बेटी को नीचे परिवार के सदस्यों के पास छोड़कर पहली मंजिल पर स्थित अपने कमरे में चली गई थीं। काफी देर तक जब वह नीचे नहीं आईं, तो बच्ची रोने लगी। इस पर ननद ने ऊपर जाकर हर्षिता को आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

कमरा अंदर से बंद था और हर्षिता का फोन भी लगातार अनआंसर्ड आ रहा था। अनहोनी की आशंका जताते हुए ननद ने तुरंत परिजनों और हर्षिता के पति शिशिर को सूचना दी। पति के घर पहुंचने पर जब दरवाजा तोड़ा गया, तो हर्षिता का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

पुलिस जांच और सुसाइड नोट

सूचना मिलते ही धूमनगंज पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसे कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।

धूमनगंज थाना प्रभारी राजीव कुमार बैस ने बताया कि प्राथमिक जांच में मानसिक तनाव की बात सामने आ रही है। हर्षिता की शादी करीब ढाई साल पहले हुई थी और उनकी एक डेढ़ साल की मासूम बच्ची है। फिलहाल परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा सुसाइड नोट एवं घटना से जुड़ी अन्य कड़ियों की गहनता से जांच चल रही है।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने