कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज
प्रयागराज: शहर के नए यमुना पुल से एक 45 वर्षीय महिला के उफनती यमुना नदी में छलांग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मौके पर मुस्तैद जल पुलिस और पीएसी (PAC) के जवानों ने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय देते हुए महज 16 सेकंड के भीतर महिला को सुरक्षित बचा लिया।
घटना के वक्त जल पुलिस और PAC की टीम यमुना नदी में नियमित पेट्रोलिंग पर थी। प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए वीडियो के अनुसार, महिला कुछ देर तक नए यमुना पुल की रेलिंग के पास खड़ी रही और फिर अचानक नदी में छलांग लगा दी। महिला के पानी में गिरते ही जवानों ने तुरंत लोकेशन ट्रैक की और बिना वक्त गंवाए अपनी स्पीड बोट उसकी ओर बढ़ा दी। गोताखोरों की मदद से महिला को डूबने से पहले ही खींचकर नाव पर सवार कर लिया गया।
इस साहसिक और त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन को जल पुलिस प्रभारी रविंद्र नाथ, कंपनी कमांडर देवानंद बर्नवाल, कांस्टेबल हरेंद्र कुमार शाह, मुख्य आरक्षी साबिर और गोताखोर मनोज की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। महिला को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद प्राथमिक उपचार दिया गया। सोशल मीडिया पर रेस्क्यू का वीडियो वायरल होने के बाद जवानों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई की चौतरफा सराहना हो रही है।
