कौशांबी में बड़ा हादसा: एलपीजी टैंकर पलटने से लगी भीषण आग, टोल प्लाजा के कई कर्मचारी झुलसे - By Coverage India

 


कौशांबी। जिले के कोखराज टोल प्लाजा के समीप शुक्रवार को एलपीजी (लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस) से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में टोल प्लाजा के कई कर्मचारी झुलस गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं, जबकि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र को खाली करा दिया है और लोगों से दुर्घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है। हादसे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है तथा वाहनों का संचालन वैकल्पिक मार्गों से कराया जा रहा है।

प्रशासन के अनुसार, आग लगने के कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने