मुंगराबादशाहपुर : अयोध्या से लौट रहे परिवार पर टूटा कहर: सड़क हादसे में सगे भाई-बहन की मौत, 20 नवंबर को होनी थी बहन की शादी - By Coverage India

कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज 

मुंगराबादशाहपुर/प्रतापगढ़। अयोध्या धाम के दर्शन कर लौट रहे एक परिवार की खुशियां बुधवार देर रात उस समय मातम में बदल गईं, जब प्रतापगढ़ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि पीछे चल रही दूसरी कार में सवार परिजन अपनी आंखों के सामने अपनों को खोते रह गए।

मृतकों की पहचान आकाश सोनी (25 वर्ष) और प्रिया सोनी उर्फ रोली (22 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से गोंडा जिले के मनकापुर के निवासी थे। माता-पिता के निधन के बाद पिछले तीन वर्षों से मुंगराबादशाहपुर के नईगंज (पुराना डाकखाना गली) निवासी अपने जीजा मनीष सोनी और बहन दीपा सोनी के साथ रह रहे थे।

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात पूरा परिवार दो कारों से अयोध्या धाम के दर्शन कर वापस लौट रहा था। प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र स्थित सरकारी अस्पताल के पास उनकी वैगनआर कार की एक पिकअप वाहन से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पिकअप वाहन पलटकर कार के ऊपर जा गिरा, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार आकाश और प्रिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पीछे दूसरी कार में चल रहे जीजा मनीष सोनी और परिवार के अन्य सदस्य यह दर्दनाक दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।

20 नवंबर को बजनी थी शहनाई, घर में छा गया मातम

परिजनों के अनुसार, प्रिया उर्फ रोली की शादी आगामी 20 नवंबर को तय थी। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं और खुशियों का माहौल था। लेकिन एक पल में सड़क हादसे ने पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी। जिस घर में कुछ महीनों बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही मुंगराबादशाहपुर और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने