प्रयागराज: 10 वर्ष पहले गायब हुई लाइसेंसी राइफल के मामले में माफिया गणेश यादव पर मुकदमा दर्ज - By Coverage India


कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज 

प्रयागराज। झूंसी क्षेत्र के हवेलिया निवासी एवं पुलिस रिकॉर्ड में प्रदेश स्तरीय चिन्हित माफिया गणेश यादव उर्फ बैरिस्टर की लाइसेंसी राइफल गायब होने का मामला सामने आया है। हाईकोर्ट के निर्देश पर चल रहे शस्त्र सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि उसकी एनपीबी राइफल वर्ष 2016 से लापता है। आश्चर्यजनक रूप से राइफल गायब होने के बावजूद इसकी कोई रिपोर्ट संबंधित थाने में दर्ज नहीं कराई गई थी । पुलिस के अनुसार गणेश यादव के नाम पर तीन शस्त्र लाइसेंस जारी हैं। इनमें डीबीबीएल गन और पिस्टल पहले से थाने में जमा हैं, जबकि तीसरी एनपीबी राइफल के संबंध में उसने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2016 में कहीं खो गई थी। हालांकि राइफल के गायब होने की कोई गुमशुदगी अथवा मुकदमा दर्ज न मिलने पर पुलिस को उसके बयान पर संदेह हुआ। चौकी प्रभारी छतनाग की तहरीर पर झूंसी थाने में गणेश यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गायब लाइसेंसी राइफल जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकती है। गौरतलब है कि गणेश यादव के खिलाफ झूंसी और सरायइनायत थानों में करीब दस आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जाते हैं। वर्ष 2020 में प्रशासन ने उसके हवेलिया स्थित आलीशान मकान पर बुलडोजर कार्रवाई भी की थी। वहीं वर्ष 2007 में उस पर एके-47 से हमला हुआ था, जिसमें उसके भांजे की मौत हो गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और गायब राइफल के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने