कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज
प्रयागराज के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक्यूरा क्रिटिकल केयर अस्पताल के भीतर गंभीर आरोपों का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑपरेशन थिएटर (OT) में ड्यूटी के दौरान एक स्टाफ नर्स के साथ अस्पताल के ही एक एमबीबीएस डॉक्टर ने छेड़छाड़ और जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया।
पीड़िता के अनुसार, घटना के समय डॉक्टर के साथ उसका एक परिचित भी मौजूद था। नर्स का आरोप है कि दोनों नशे की हालत में थे और डॉक्टर ने कथित तौर पर अनुचित टिप्पणी करते हुए उसे जबरन काबू करने की कोशिश की। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर और हाथ बांधकर गलत हरकत करने का प्रयास किया गया।
नर्स ने बताया कि उसने साहस दिखाते हुए विरोध किया और मौके का फायदा उठाकर वहां से भाग निकली, जिससे उसकी जान बच सकी।
मामले को लेकर पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि अस्पताल प्रशासन ने घटना को दबाने और पुलिस में शिकायत न करने के लिए उस पर दबाव बनाया। हालांकि, बाद में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कब क्या हुआ
स्टॉफ नर्स की तहरीर के मुताबिक, बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई के दौरान वह अस्पताल में स्टॉफ नर्स का काम करती थी। सितंबर 2025 में परीक्षा होने की वजह से नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद 15 मार्च 2026 को दोबारा अस्पताल में नौकरी ज्वाइन की थी। आरोप है कि डॉ. मनीष केशरी ने 20 मार्च को कार में बहाने से बैठाकर छेड़खानी की जबकि, 26 मार्च की देर रात ओटी में बुलाकर डॉ. मनीष केशरी और उसके अज्ञात साथी ने मिलकर हाथ पैर व मुंह बांधकर गलत कृत्य करने का प्रयास किया।
आरोप है कि स्टॉफ नर्स ने हॉस्पिटल के निदेशक से इसकी शिकायत भी की थी, लेकिन किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई। स्टॉफ नर्स ने 28 मार्च को नौकरी छोड़ दी थी। उधर, सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर डॉक्टर व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्य की पड़ताल की जा रही है।
