निराश्रितों के लिए संजीवनी बनी मदद फाउंडेशन, शहर में लगाए जाएंगे वाटर कूलर - By Coverage India

महापौर को ज्ञापन देते मदद फाउंडेशन के पदाधिकारी 

कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज 

प्रयागराज। भीषण गर्मी के मद्देनज़र शुद्ध पेयजल की समस्या को देखते हुए सामाजिक संस्था मदद फाउंडेशन ने एक सराहनीय पहल करते हुए शहर में निशुल्क वाटर कूलर एवं पानी की टंकियां स्थापित करने का प्रस्ताव प्रशासन के समक्ष रखा है। इसी क्रम में आज संस्था की टीम ने संरक्षक दिनेश तिवारी के नेतृत्व में जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष वर्मा, महापौर गणेश केशरवानी एवं महाप्रबंधक जलकल इं. कुमार गौरव को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, चौराहों एवं निराश्रितों के ठहरने वाले क्षेत्रों में मुफ्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया। जिलाधिकारी, महापौर एवं जलकल विभाग के अधिकारियों ने संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।


गौरतलब है कि वर्ष 2025 में भी मदद फाउंडेशन के अथक प्रयासों से प्रयागराज के कई प्रमुख स्थानों पर पानी की टंकियां एवं वाटर कूलर स्थापित किए गए थे, जिससे हजारों जरूरतमंदों, निराश्रितों एवं आम नागरिकों को राहत मिली थी। मदद फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था द्वारा “रविवार की रसोई” अभियान के तहत फुटपाथों पर रहने वाले जरूरतमंद लोगों को घर का बना पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पानी, दवाइयां, कपड़े एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। इस अवसर पर संस्था के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी, संरक्षक दिनेश तिवारी, जिलाध्यक्ष प्रयागराज अरविंद पांडेय, बुंदेलखंड प्रभारी विवेक मिश्र सहित संस्था के कई सदस्य उपस्थित रहे। संस्था ने समाज के सभी वर्गों से इस नेक कार्य में सहयोग करने की अपील की है, ताकि भीषण गर्मी में अधिक से अधिक लोगों की प्यास बुझाई जा सके।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने