कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज
प्रयागराज। संगम नगरी में बढ़ती गर्मी और संभावित पेयजल संकट के मद्देनज़र सामाजिक संस्था मदद फाउंडेशन की पहल अब ठोस परिणामों की दिशा में अग्रसर होती दिखाई दे रही है। संस्था द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जलकल विभाग के महाप्रबंधक इं. कुमार गौरव ने आगामी 15 दिनों के भीतर शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर निशुल्क पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने का भरोसा दिया है। मदद फाउंडेशन के प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक को सौंपे गए ज्ञापन में शहर के व्यस्त चौराहों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं फुटपाथों पर जीवन यापन करने वाले निराश्रितों के क्षेत्रों में पानी की टंकियां, मटके, वाटर कूलर एवं ‘वॉटर एटीएम’ स्थापित करने का प्रस्ताव रखा था। इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए महाप्रबंधक इं. कुमार गौरव ने स्पष्ट किया कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस कार्य को युद्धस्तर पर प्रारंभ किया जाएगा, ताकि भीषण गर्मी के दौरान आमजन, विशेषकर जरूरतमंद वर्ग, को राहत मिल सके।
इस पहल की विशेषता यह है कि पेयजल व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के लिए जलकल विभाग ने मदद फाउंडेशन को निगरानी समिति में शामिल करने का प्रस्ताव रखा है। इसी क्रम में महाप्रबंधक द्वारा संस्था से ऐसे जिम्मेदार सदस्यों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया, जो जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं के संचालन एवं रखरखाव में सक्रिय सहयोग कर सकें। संस्था द्वारा तत्परता दिखाते हुए क्षेत्रवार जिम्मेदार सदस्यों की विस्तृत सूची महाप्रबंधक को सौंप दी गई है। इसके अंतर्गत सिविल लाइंस क्षेत्र से मंगला प्रसाद तिवारी एवं अरविंद कुमार पांडेय, चौक व जीरो रोड से शुभम मालवीय एवं रंजीत यादव, मीरापुर व लीडर रोड से राजेंद्र कुमार पाल एवं अरुण कुमार, म्योहाल एवं ममफोर्डगंज क्षेत्र से अभय कुमार शुक्ला, राजापुर एवं तेलियरगंज से नीरज मोहिले एवं दिव्यांश पांडेय, मुट्ठीगंज व प्रीतम नगर से अमर दीप चौधरी, अमित श्रीवास्तव एवं निरंजन लाल गुप्ता, झलवा एवं झूंसी से दिनेश तिवारी, विपिन साहू, रितेश वर्मा, गुलाब सिंह पटेल, अमित श्रीवास्तव, पंकज मिश्रा एवं प्रवेश शुक्ला, तथा नैनी व फाफामऊ से अर्पित तिवारी, शैलेश द्विवेदी, रामजी शुक्ला एवं सुनील मौर्य को शामिल किया गया है।
ये सभी सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्थाओं की निगरानी, रखरखाव एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करेंगे। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में भी मदद फाउंडेशन के प्रयासों से शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित पेयजल सुविधाओं ने लाखों जरूरतमंदों, राहगीरों एवं निराश्रितों को भीषण गर्मी में राहत पहुंचाई थी। इसके अतिरिक्त संस्था का “रविवार की रसोई” अभियान लंबे समय से समाज के कमजोर वर्गों को भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां एवं वस्त्र उपलब्ध कराकर सेवा कार्यों की एक मजबूत मिसाल प्रस्तुत कर रहा है। संस्था ने शहरवासियों से इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा है कि सामूहिक प्रयासों से ही यह सुनिश्चित किया जा सकता है कि भीषण गर्मी के दौरान कोई भी व्यक्ति विशेषकर निराश्रित और राहगीर प्यासा न रहे।
