प्रयागराज। श्रेष्ठ इलेवन और सीके रॉयल किंग क्वार्टर फाइनल में पहुँचीं - By Coverage India


कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज 

प्रयागराज। प्रीतम नगर में आयोजित रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में पूर्व विजेता श्रेष्ठ इलेवन और सीके रॉयल किंग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। सदाबहार क्लब के तत्वावधान में यह प्रतियोगिता गोकुल आवास स्थित पीला पार्क में खेली जा रही है।

पहले मुकाबले में श्रेष्ठ इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 49 रन बनाए। टीम की ओर से रविंद्र आनंद ने 26 और मंजी ने 16 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में निशांत ने 2 विकेट लिए, जबकि आशुतोष निगम और शिवम शुक्ला को एक-एक सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेक्स्ट टॉपर अकैडमी की टीम 22 रनों पर सिमट गई। निशांत (6) और ताहिल (5) ही उल्लेखनीय स्कोर कर सके। श्रेष्ठ इलेवन की ओर से ऐमन सिद्दिकी ने 2 विकेट लिए, जबकि आकिब और छोटू ने एक-एक विकेट हासिल किया। शानदार प्रदर्शन के लिए रविंद्र आनंद को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जिन्हें यह पुरस्कार श्रीराम ट्रैवल्स एवं द्विवेदी मेडिकल स्टोर के प्रोपराइटर धर्मेंद्र द्विवेदी ने प्रदान किया।

दूसरे मुकाबले में सीके रॉयल किंग ने 37 रन बनाए। टीम के लिए राम लाला ने 15 रन बनाए, जबकि सूरज सिंह और मोनू ने 5-5 रनों का योगदान दिया। गंगा इलेवन की ओर से हरीश बघेल ने 3 विकेट लिए, जबकि अभिषेक और जीशान को एक-एक विकेट मिला। जवाब में गंगा इलेवन की टीम 22 रन ही बना सकी। जीशान ने 8 और हरीश बघेल ने 5 रन बनाए। सीके रॉयल किंग की ओर से शुभम यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि अनूप ने 3 और मनीष ने 1 विकेट लिया। शुभम यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह सम्मान समर्थ हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. मनोज द्वारा प्रदान किया गया।

मैचों में अंपायरिंग की जिम्मेदारी अभय श्रीवास्तव और अतुल सिंह ने निभाई, जबकि स्कोरिंग और लाइव अपडेट मृणाल अरोड़ा ने संभाला। पियूष श्रीवास्तव ने कमेंट्री की, वहीं दीपक सिंह ने थर्ड अंपायर की भूमिका निभाई।


एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने