रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता में सीके रॉयल किंग व चकिया इलेवन की शानदार जीत - By Coverage India

हुसैन को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार देते अमित श्रीवास्तव

कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज 

प्रयागराज। प्रीतम नगर स्थित गोकुल आवास के पीला पार्क में आयोजित रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में सीके रॉयल किंग और चकिया इलेवन ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। यह प्रतियोगिता सदाबहार क्लब के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।

पहले मुकाबले में सीके रॉयल किंग ने निर्धारित ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 55 रन बनाए। टीम की ओर से राम लाला ने 18 और सुमित सिंह ने 13 रनों का योगदान दिया, जबकि गोकुल राइजिंग स्टार के जयदीप और अक्षत ने 2-2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोकुल राइजिंग स्टार की टीम सीके रॉयल किंग की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 9 विकेट खोकर मात्र 14 रन ही बना पाई। विपुल (6) और मृगांक (4) ही दोहरे अंक के करीब पहुंच सके। सीके रॉयल किंग के सुमित सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार सेवानिवृत्त रेलवे अधिकारी अजीत श्रीवास्तव द्वारा प्रदान किया गया।

दूसरे मुकाबले में चकिया इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 66 रन बनाए। हुसैन (22), शाहबाज (12), अरमान (12) और शाहनवाज (10) ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में सैनिक सुपर किंग की टीम 7 विकेट खोकर 47 रन ही बना सकी। शीतांशु सिंह ने 16 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। चकिया इलेवन के हिफजान ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। यह सम्मान अमित श्रीवास्तव ने प्रदान किया।

मुकाबलों में अंपायरिंग की जिम्मेदारी अभय श्रीवास्तव ‘गोले’ और अतुल सिंह ने निभाई, जबकि स्कोरिंग मृणाल पांडेय ने की। कमेंट्री का दायित्व महेश श्रीवास्तव ने संभाला और थर्ड अंपायर की भूमिका दीपक सिंह ‘मोंटू’ ने निभाई। प्रतियोगिता में स्थानीय खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों की भागीदारी आयोजन को और भी रोमांचक बना रही है।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने