प्रतियोगता का उद्घाटन जीएसटी डिप्टी कमिश्नर अनिल कुमार मिश्रा ने फीता काटकर किया
कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज
प्रयागराज: सदाबहार क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में प्रीतम नगर स्थित गोकुल आवास के पीला पार्क में आयोजित रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट रूलआउट कैशमनी प्रतियोगिता सीजन-4 का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। उद्घाटन मुकाबले में प्रयागराज परिवार की टीम ने भावापुर टाइगर को 7 विकेट से पराजित कर अगले दौर में जगह बना ली। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भावापुर टाइगर की टीम निर्धारित 10 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 36 रन ही बना सकी। टीम की ओर से नितिन अग्रहरि ने सर्वाधिक 28 रन बनाए। गेंदबाजी में प्रयागराज परिवार के लिए रिशु, शैख और तनुष ने एक-एक विकेट हासिल किया।
37 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रयागराज परिवार की टीम ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 4 गेंद शेष रहते 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से अजय कुमार ने 18 और शैख मोहसिन ने 14 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। गेंदबाजी में भावापुर टाइगर के हर्ष ने 2 और संजय ने 1 विकेट लिया।
![]() |
| प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार सेकेंड स्कूल क्लासेस की निदेशक अपराजित सिंह अजय कुमार को देते हुए |
शानदार प्रदर्शन के लिए अजय कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार सेकंड स्कूल क्लासेस की निदेशक अपराजिता द्वारा प्रदान किया गया। इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन डिप्टी कमिश्नर जीएसटी अनिल कुमार मिश्रा ने फीता काटकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। आयोजन सचिव अतुल सिंह ने बताया कि 32 टीमों की इस प्रतियोगिता में प्रतिदिन दूधिया रोशनी में दो मुकाबले खेले जाएंगे।
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद अमरजीत सिंह, आनंद सिंह, तपन चौधरी, राजेश सिंह 'चीनी', सचिन द्विवेदी, राजेश सिंह 'राजू', मयंक, बबलू गुप्ता, सुधीर, विकाश सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पियूष श्रीवास्तव ने किया, जबकि सभी अतिथियों का आभार सदाबहार क्लब के अध्यक्ष अभय श्रीवास्तव 'गोले' ने व्यक्त किया। मैच में अंपायरिंग अविरल पांडेय और अतुल ने की, स्कोरिंग मृणाल पांडेय ने संभाली तथा कमेंट्री सुधीर सिन्हा ने की। वहीं दीपक सिंह 'मोंटू' ने थर्ड अंपायर की भूमिका निभाई।

