UP IAS Transfer: यूपी में 38 IAS अधिकारियों के तबादले, पांच जिलों के DM बदले; अनुज सिंह बने LDA उपाध्यक्ष

UP IAS Transfer 2026: 38 IAS officers transferred, five district magistrates changed, Anuj Singh appointed LDA vice chairman
UP IAS Transfer: 38 IAS अधिकारियों के तबादले, 5 जिलों के DM बदले

कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो लखनऊ 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया। प्रदेश सरकार ने 38 आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए पांच जिलों के जिलाधिकारियों समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी है। इस फेरबदल में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA), नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में भी अहम नियुक्तियां की गई हैं। नगर निगमों और विभिन्न विभागों में तैनात अधिकारियों के कार्यक्षेत्र भी बदले गए हैं। इस प्रशासनिक बदलाव में सबसे प्रमुख नाम अनुज सिंह का है, जिन्हें लखनऊ विकास प्राधिकरण का नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, अब तक एलडीए के उपाध्यक्ष रहे प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। 

पांच जिलों में बदले गए जिलाधिकारी

शासन की ओर से जारी तबादला आदेश के तहत सीतापुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज में नए जिलाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को सीतापुर का नया डीएम बनाया गया है। सीतापुर के जिलाधिकारी राजागणपति आर को राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) का निदेशक नियुक्त किया गया है।

बिजनौर में जोगिंदर सिंह को नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वह इससे पहले नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थे। बिजनौर के मौजूदा डीएम उमेश प्रताप सिंह को लोक निर्माण विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। मुजफ्फरनगर में ग्रेटर नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह को जिलाधिकारी बनाया गया है। यहां के मौजूदा डीएम उमेश मिश्रा को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर में जिलाधिकारियों की अदला-बदली की गई है। महाराजगंज के डीएम गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर और सिद्धार्थनगर के डीएम शिवशरणप्पा जीएन को महाराजगंज का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।

LDA से लेकर मेरठ विकास प्राधिकरण तक नई तैनाती

लखनऊ विकास प्राधिकरण के नए उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी अनुज सिंह को सौंपी गई है। गाजियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में भी बदलाव करते हुए नूपुर गोयल और प्रवीण वर्मा को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। नूपुर गोयल इससे पहले मेरठ की मुख्य विकास अधिकारी थीं। नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी के स्थान पर प्रीति जायसवाल को नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले बरेली मंडल में अपर आयुक्त के पद पर तैनात थीं। 

नगर आयुक्तों और सीडीओ के भी बदले कार्यक्षेत्र

प्रशासनिक फेरबदल के तहत नगर निगमों में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। डॉ. नितिन मदान को उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

फतेहपुर के मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना को नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। उनके स्थान पर पूनम निगम को फतेहपुर का नया सीडीओ नियुक्त किया गया है। श्रावस्ती के मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद को डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी में अपर निदेशक बनाया गया है। उनकी जगह शिशिर कुमार सिंह को श्रावस्ती का नया सीडीओ नियुक्त किया गया है। अलीगढ़ के सीडीओ योगेंद्र कुमार को फिरोजाबाद भेजा गया है, जबकि शैलेंद्र कुमार सिंह को अलीगढ़ का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।

मंडलीय प्रशासन में भी बड़ा फेरबदल

तबादला सूची में मंडलीय स्तर के अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। बरेली मंडल के अपर आयुक्त मनोज कुमार को वाराणसी मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। अतुल कुमार को बरेली मंडल में अपर आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंजूलता को मुरादाबाद नगर निगम में अपर नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि प्रतिभा सिंह को कानपुर मंडल में अपर आयुक्त बनाया गया है। संदीप कुमार को मेरठ का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।

प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव

प्रदेश सरकार के इस फेरबदल में जिलों के प्रशासन से लेकर विकास प्राधिकरणों, नगर निगमों और शासन के विभिन्न विभागों तक अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। खासतौर पर लखनऊ, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, मेरठ, वाराणसी और गोरखपुर जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं विकास केंद्रों में नई तैनाती की गई है। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को प्रदेश की नौकरशाही में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, सरकार की ओर से तबादलों के पीछे चुनावी उद्देश्य को लेकर कोई अलग आधिकारिक वजह नहीं बताई गई है।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने