![]() |
मिर्जापुर की पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज कर दी है। भारत समाचार को दिए एक विशेष इंटरव्यू में उन्होंने अपना दल (एस) की नेता और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल पर जाति एवं धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उनके राजनीतिक गढ़ को चुनौती देने की बात कही।
प्रयागराज/लखनऊ। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की नौकरी छोड़कर राजनीति में अपनी किस्मत आजमाने जा रहीं पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल को सीधे चुनौती दी है। दिव्या मित्तल ने कहा कि वह चुनाव लड़ेंगी और अनुप्रिया पटेल के राजनीतिक किले को ढहा देंगी।भारत समाचार न्यूज चैनल को दिए गए विशेष इंटरव्यू में दिव्या मित्तल ने अनुप्रिया पटेल की राजनीतिक कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अनुप्रिया पटेल जाति और धर्म की राजनीति करती हैं और इसमें उन्हें कोई संकोच भी नहीं है।
अनुप्रिया पटेल पर लगाए जाति और धर्म की राजनीति के आरोप
इंटरव्यू के दौरान जब दिव्या मित्तल से पूछा गया कि अनुप्रिया पटेल कैसी नेता हैं, तो उन्होंने कहा कि वह जाति और धर्म की राजनीति करती हैं। दिव्या के मुताबिक, अनुप्रिया पटेल इस तरह की राजनीति खुलेआम करती हैं और इसे स्वीकार करने में भी उन्हें कोई परहेज नहीं है। दिव्या मित्तल ने अपने मिर्जापुर के कार्यकाल का जिक्र करते हुए बताया कि एक बार वह और अनुप्रिया पटेल एक ही फ्लाइट से यात्रा कर रहे थे। संयोग से दोनों की सीटें अगल-बगल थीं। उनके मुताबिक, उस यात्रा के दौरान दोनों के बीच काफी लंबी बातचीत हुई थी। दिव्या ने बताया कि इसके दो दिन बाद ही उनका तबादला हो गया था।
'वोट, नोट और पोस्ट की ठेकेदारी बंद करा देती हूं'
अपने तबादले को लेकर दिव्या मित्तल ने कहा कि उनके लिए इस बात से ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि आखिर नाराजगी किस बात को लेकर थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां भी वह तैनात रहती हैं, वहां वोट, नोट और पोस्ट की ठेकेदारी को खत्म करने का प्रयास करती हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग व्यवस्था को अपने नियंत्रण में रखना चाहते हैं और यह तय करना चाहते हैं कि किसे क्या मिलेगा और किसके साथ कैसा व्यवहार होगा। दिव्या के मुताबिक, वह ऐसी व्यवस्था के खिलाफ काम करती हैं, जिसमें जाति के आधार पर लोगों के साथ भेदभाव किया जाता है और फैसले कुछ चुनिंदा लोगों के हाथों में रहते हैं।
लहुरियादर गांव में पानी पहुंचाने का भी किया जिक्र
दिव्या मित्तल ने मिर्जापुर में अपने कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए लहुरियादर गांव में पेयजल पहुंचाने की पहल का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जिस काम को पिछले 75 वर्षों में नहीं कराया जा सका, उसे कराने का प्रयास उन्होंने किया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कोई जिलाधिकारी बेहतर काम कराता है और जनता को सुविधाएं उपलब्ध कराता है, तो इससे किसी को क्या परेशानी हो सकती है? उनके अनुसार, जनहित के कामों में राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए और प्रशासन को जनता के हित में स्वतंत्र रूप से काम करने का अवसर मिलना चाहिए।
कार्यक्रमों में चीफ गेस्ट बनने और क्रेडिट लेने का लगाया आरोप
इंटरव्यू में दिव्या मित्तल ने विंध्य महोत्सव और चुनार महोत्सव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में अनुप्रिया पटेल को मुख्य अतिथि बनाया जाता था। दिव्या के मुताबिक, उन्होंने भी उन्हें कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया, लेकिन वह कार्यक्रमों में आकर पूरा श्रेय स्वयं ले जाती थीं।
2027 के विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान
दिव्या मित्तल का सबसे बड़ा बयान उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर रहा। उन्होंने साफ कहा कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगी। साथ ही उन्होंने अनुप्रिया पटेल के राजनीतिक गढ़ को ढहाने का दावा भी किया।दिव्या मित्तल के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो सकती है। खासकर मिर्जापुर और विंध्य क्षेत्र की राजनीति में आने वाले समय में इसका क्या असर होगा, यह देखना दिलचस्प होगा। हालांकि, उनके चुनाव लड़ने की सीट और राजनीतिक दल को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
