50 हजार से अधिक लोगों तक पहुंचाया निःशुल्क भोजन, मंगला प्रसाद तिवारी और अमृता तिवारी को मिला ‘प्रयागराज के अनमोल रत्न’ सम्मान


प्रयागराज के अनमोल रत्न सम्मान 2026 से सम्मानित मदद फाउंडेशन के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी और सह-संस्थापिका अमृता तिवारी

मदद फाउंडेशन की ‘रविवार की रसोई’ के जरिए वर्षों से जारी है मानव सेवा; प्रोफेशनल इंजीनियर्स वेलफेयर सोसाइटी के 24वें वार्षिकोत्सव में समाजसेवा के क्षेत्र में सम्मानित हुआ दंपती

प्रयागराज। निस्वार्थ समाजसेवा और मानवता के प्रति समर्पण के लिए मदद फाउंडेशन के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी एवं सह-संस्थापिका अमृता तिवारी को प्रतिष्ठित ‘प्रयागराज के अनमोल रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। प्रोफेशनल इंजीनियर्स वेलफेयर सोसाइटी के 24वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर होटल जसवंत विलास में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रयागराज के महापौर उमेश चंद्र केसरवानी रहे।

प्रयागराज के अनमोल रत्न सम्मान 2026 से सम्मानित मदद फाउंडेशन के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी और सह-संस्थापिका अमृता तिवारी

समारोह में प्रयागराज की चार प्रमुख विधाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समाजसेवा के क्षेत्र में मंगला प्रसाद तिवारी एवं अमृता तिवारी, सिविल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में प्रोफेसर लक्ष्मीकांत मिश्रा, खेलकूद में शिवाकांत शुक्ला तथा कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उदय चंद्र परदेसी को ‘प्रयागराज के अनमोल रत्न’ सम्मान प्रदान किया गया।

समाजसेवा के क्षेत्र में एकमात्र चयनित दंपती

सम्मान के लिए चयन प्रक्रिया लगभग एक वर्ष तक चली। विभिन्न स्तरों पर नामों की सूची तैयार करने के बाद वोटिंग के माध्यम से अंतिम निर्णय लिया गया। समाजसेवा की विधा में मंगला प्रसाद तिवारी और अमृता तिवारी का संयुक्त चयन हुआ। इस वर्ष प्रयागराज से समाजसेवा के क्षेत्र में सम्मानित होने वाला यह एकमात्र दंपती रहा।

‘रविवार की रसोई’ से 50 हजार से अधिक लोगों तक पहुंचाया भोजन

मदद फाउंडेशन की सेवा यात्रा सीमित संसाधनों के बीच जरूरतमंदों की सहायता के संकल्प के साथ शुरू हुई। पिछले कई वर्षों से संस्था बिना किसी सरकारी आर्थिक सहायता के जनसहयोग और क्राउडफंडिंग के माध्यम से सेवा कार्य कर रही है।

प्रयागराज के अनमोल रत्न सम्मान 2026 से सम्मानित मदद फाउंडेशन के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी और सह-संस्थापिका अमृता तिवारी

संस्था की प्रमुख पहल ‘रविवार की रसोई’ के माध्यम से प्रत्येक सप्ताह फुटपाथों पर जीवनयापन करने वाले, निराश्रित, असहाय और भूखे लोगों तक निःशुल्क भोजन पहुंचाया जाता है। इस अभियान के तहत अब तक 50 हजार से अधिक लोगों तक निःशुल्क भोजन पहुंचाया जा चुका है। संस्था का संकल्प है कि कोई जरूरतमंद भूखा न सोए और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सम्मान के साथ भोजन पहुंचे।

मंगला प्रसाद तिवारी एवं अमृता तिवारी का मानना है कि समाजसेवा किसी पुरस्कार या प्रतिष्ठा को पाने का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है।

टीम और सहयोगियों को समर्पित किया सम्मान

दोनों ने इस उपलब्धि का श्रेय मदद फाउंडेशन की पूरी टीम, सहयोगियों, दानदाताओं और उन सभी संवेदनशील लोगों को दिया, जिनके सहयोग से ‘रविवार की रसोई’ सहित संस्था के सेवा कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं। उनके अनुसार, यह सम्मान केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि मानवता की इस मुहिम से जुड़े सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों और विश्वास का सम्मान है।

सोसाइटी के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

समारोह में प्रोफेशनल इंजीनियर्स वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष इं. संजीव त्रिपाठी, उपाध्यक्ष इं. पंकज सिंह, सचिव इं. संजीव जौहरी, कोषाध्यक्ष इं. शिवेश धर त्रिपाठी, इं. संजीव गुप्ता, इं. विनीत पांडेय, इं. अभय वैश्य सहित संस्था के सभी सदस्य एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने