![]() |
| प्रयागराज में आयोजित जनसमर्थन कार्यक्रम में समर्थकों के बीच भाजपा के पूर्व विधायक उदयभान करवरिया। |
कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर प्रयागराज का करवरिया परिवार चर्चा के केंद्र में है। रामपुर करछना में आयोजित एक बड़े जनसमर्थन कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ और भाजपा के पूर्व विधायक उदयभान करवरिया के आक्रामक राजनीतिक बयानों ने प्रदेश के सियासी गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी है। यूजीसी, आरक्षण, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित षड्यंत्र, ब्राह्मण समाज, 2027 के विधानसभा चुनाव और विपक्षी गठबंधनों पर उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी।
लंबे समय बाद सार्वजनिक मंच पर उदयभान करवरिया की मौजूदगी और समर्थकों के भारी जमावड़े को करवरिया परिवार की राजनीतिक सक्रियता के नए संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। कार्यक्रम में उनके भतीजे वैभव और सक्षम की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही।
'यह भीड़ नहीं, हमारे दिल के टुकड़े हैं'
कार्यक्रम में उमड़े जनसमर्थन को लेकर उदयभान करवरिया भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि लंबे अरसे बाद मंच साझा हुआ है और लोगों ने जो प्यार दिया है, वह विरोधी ताकतों के मुंह पर करारा तमाचा है। उन्होंने कहा, "ये हमारे दिल के टुकड़े थे, जो यहां इकट्ठा हुए थे। इसको मैं भीड़ नहीं कहता।"
समर्थकों ने दावा किया कि कार्यक्रम में करीब दो लाख लोग पहुंचे थे और प्रयागराज की सड़कों पर लगभग 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। आयोजकों और समर्थकों का कहना है कि यह जनसमर्थन उदयभान करवरिया और उनके भतीजों वैभव-सक्षम के प्रति लोगों के जुड़ाव का प्रमाण है। समर्थकों ने यहां तक कहा कि यह केवल परिवार और अपनों की बैठक जैसी भीड़ थी, वास्तविक शक्ति प्रदर्शन होने पर मैदान छोटे पड़ जाएंगे।
यूजीसी समाप्त करने की मांग, आरक्षण पर भी रखी बेबाक राय
यूजीसी के मुद्दे पर उदयभान करवरिया ने बेहद सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि यूजीसी की कोई आवश्यकता नहीं है और इसे पूरी तरह समाप्त कर देना चाहिए। उनका तर्क था कि इस तरह की व्यवस्थाएं विद्यार्थियों के बीच जातिवाद को बढ़ावा देती हैं। आरक्षण पर उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में जिन लोगों को आरक्षण का लाभ नहीं मिल पाया है, उन्हें भी इसका लाभ मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत को आरक्षण मुक्त बनाने की बात कही। उनके इस बयान ने आरक्षण व्यवस्था को लेकर एक नई राजनीतिक बहस को जन्म दे दिया है।
योगी आदित्यनाथ के खिलाफ षड्यंत्र का किया दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित राजनीतिक साजिश के सवाल पर करवरिया ने कहा कि भले ही यह केंद्र सरकार से जुड़ा विषय हो, लेकिन उनकी व्यक्तिगत सोच है कि योगी आदित्यनाथ के खिलाफ षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए विश्वास जताया कि जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चुनावी रथ निकलेगा तो विरोधी पूरी तरह धराशायी हो जाएंगे और भाजपा जीत की ओर आगे बढ़ेगी।
अपनी ही पार्टी के मंच पर कार्यकर्ताओं से धक्का-मुक्की पर नाराजगी
यूजीसी के मुद्दे पर सवाल उठाने वाले कुछ युवाओं के साथ कथित धक्का-मुक्की और गिरफ्तारी की घटना पर भी उदयभान करवरिया ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता पार्टी को जिताने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, अगर वे अपनी ही पार्टी के मंच पर कोई सवाल पूछते हैं तो उन्हें जवाब देने के बजाय धक्का देकर गिरफ्तार कराना गलत है। उन्होंने इसे कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय बताया।
हर्षवर्धन वाजपेई के समर्थन में उतरे करवरिया
प्रयागराज की शहर उत्तरी विधानसभा सीट को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उदयभान करवरिया ने विधायक हर्षवर्धन वाजपेई का खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वाजपेई ने क्षेत्र में शानदार विकास कार्य किए हैं और लगातार जनता के बीच सक्रिय रहते हैं। वह लोकप्रिय और निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। ऐसे जमीनी नेता का टिकट किसी भी हाल में नहीं काटा जाना चाहिए।
ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर साधा निशाना
विपक्षी राजनीति पर हमला बोलते हुए करवरिया ने ओवैसी और चंद्रशेखर रावण के नए राजनीतिक मोर्चों तथा इंडिया गठबंधन पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन गठबंधनों का जमीन पर कोई खास वजूद नहीं है और इनका उद्देश्य चुनाव लड़ने के लिए उम्मीदवार जुटाना तथा उनसे आर्थिक लाभ हासिल करना है।
ब्राह्मण समाज पर बोले- किसी पर आंच आई तो सबसे आगे खड़े मिलेंगे
कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के कथित शोषण और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा भी उठा। इस पर करवरिया की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया कि समाज के किसी भी व्यक्ति पर आंच आई या उसके साथ शोषण हुआ तो उसकी रक्षा के लिए वे सबसे आगे खड़े मिलेंगे।उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज कभी जातिवाद की राजनीति नहीं करता, बल्कि सर्वसमाज को साथ लेकर चलने की क्षमता रखता है।
अयोध्या और कारसेवकों के मुद्दे पर विपक्षी नेता पर तीखा हमला
कार्यक्रम के दौरान अयोध्या में राम मंदिर दर्शन को लेकर भी तीखी राजनीतिक टिप्पणी की गई। बिना नाम लिए एक बड़े राजनीतिक परिवार पर निशाना साधते हुए कहा गया कि जिनके पिता ने कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थीं, आज उनके बेटे अयोध्या दर्शन की बात कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि उस दौर में शहीद हुए कारसेवकों और उनके परिवारों की भावनाओं का क्या होगा? इस बयान को प्रदेश की सियासत में एक और बड़े राजनीतिक हमले के रूप में देखा जा रहा है।
2027 का चुनाव लड़ेंगे या नहीं? उदयभान ने दिया भावुक जवाब
अपने राजनीतिक भविष्य और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उदयभान करवरिया भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि पत्नी के निधन के बाद से उनकी मानसिक स्थिति राजनीतिक रूप से सक्रिय होने की नहीं है। फिलहाल वह सामाजिक रूप से लोगों के बीच रहकर सेवा कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि पार्टी संगठन की ओर से कोई निर्देश मिलता है तो वह संगठन के आदेश का पूरी तरह पालन करेंगे। फिलहाल प्रयागराज में करवरिया परिवार के इस बड़े आयोजन और उदयभान करवरिया के बयानों ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस जनसमर्थन का असर आगामी राजनीतिक समीकरणों और 2027 के विधानसभा चुनाव में कितना दिखाई देता है।
