कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब की नई कार्यकारिणी के गठन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। क्लब का वार्षिक चुनाव आगामी 12 दिसंबर को होगा। इसमें अध्यक्ष और सचिव पद के लिए चुनाव कराया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के संयोजक वीरेंद्र पाठक ने गुरुवार को क्लब कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान चुनाव की घोषणा की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस बार क्लब के नियमित सदस्यों के साथ प्राथमिक सदस्यों को भी मतदान का अधिकार दिया जाएगा। क्लब की परंपरा के अनुसार 12 दिसंबर को नई कार्यकारिणी के अध्यक्ष और सचिव अपना पदभार ग्रहण करेंगे। संयोजक वीरेंद्र पाठक ने बताया कि अध्यक्ष और सचिव पद का चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी का इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब का सदस्य होने के साथ वर्किंग जर्नलिस्ट होना अनिवार्य है। प्राथमिकता के आधार पर प्रत्येक सदस्य अध्यक्ष और सचिव पद के लिए अपने नाम सहित अधिकतम तीन व्यक्तियों के नाम प्रस्तावित कर सकता है।
प्राप्त नामों का चुनाव समिति परीक्षण करेगी और एक दिसंबर को प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 10 दिसंबर निर्धारित की गई है। यदि 10 दिसंबर तक किसी पद के लिए दो या दो से अधिक प्रत्याशी मैदान में रहते हैं, तो 12 दिसंबर को शाम चार बजे क्लब कार्यालय में मतदान कराया जाएगा। मतदान में सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाले प्रत्याशी को विजयी घोषित किया जाएगा। चुनाव परिणाम के बाद उसी दिन नवनिर्वाचित अध्यक्ष और सचिव पदभार भी ग्रहण करेंगे।
