कृष्ण जन्माष्टमी पर शंख माधव मंदिर में गूंजे कन्हैया के जयकारे, मुंबई के कलाकारों ने भजनों से बांधा समां - By Coverage India

कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज 

प्रयागराज: श्री कृष्ण जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शंख माधव मंदिर में भव्य 'कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव' अत्यंत हर्षोल्लास एवं धूमधाम से संपन्न हुआ। 'राधे-राधे ग्रुप मुंबई' द्वारा आयोजित इस विशेष सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। संपूर्ण मंदिर परिसर "नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की" और "राधे-राधे" के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

वृंदावनमय हुआ माहौल, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

मुंबई से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक प्रयाग गौरव सूर्य प्रकाश दुबे और उनकी टीम ने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से प्रयागराज में ही वृंदावन जैसा आलौकिक माहौल बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत 'हरे रामा हरे कृष्णा' महामंत्र के संकीर्तन से हुई, जिसके बाद “लाला जन्म सुनी आई, यशोदा मैया देदो बधाई”, “मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है” और “श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी” जैसे एक से बढ़कर एक भावविभोर कर देने वाले भजनों पर भक्त देर रात तक थिरकते रहे।

गायक सूर्या जी के साथ सुरीली गायिका लक्ष्मी जी ने भी अपनी सुमधुर आवाज से समां बांधा। उन्होंने “बम बम बोल रहा है काशी” और “मेरे घर राम आए हैं” जैसे प्रसिद्ध भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। 'राधे-राधे संगत' की ऊर्जावान प्रस्तुति ने पूरे प्रांगण में एक अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया।

10 सितंबर से शुरू होगी 'द्वादश माधव संगीतमय यात्रा'

कार्यक्रम के दौरान मुख्य कलाकार सूर्य प्रकाश दुबे ने आगामी धार्मिक आयोजन की जानकारी साझा करते हुए बताया कि 10 सितंबर से प्रयाग की पावन और पवित्र धरती पर विराजमान 'द्वादश माधव' की भव्य संगीतमय यात्रा का शुभारंभ होने जा रहा है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से इस दिव्य यात्रा में बढ़-चढ़कर जुड़ने का आह्वान किया।

महापौर ने किया संबोधित, आयोजकों ने जताया आभार

उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रयागराज के महापौर श्री गणेश केसरवानी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की सराहना की और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संयोजन में सामाजिक पार्षद शिव नारायण यादव 'गुन्नू' एवं अशोक नेता जी की मुख्य भूमिका रही। दोनों आयोजकों ने मुख्य अतिथि, कलाकारों और दूर-दराज से आए सभी श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने