प्रयागराज। सामाजिक सरोकारों को समर्पित संस्था मदद फाउंडेशन पिछले दो वर्षों से जरूरतमंद एवं निराश्रित लोगों के बीच लगातार सेवा कार्य कर रही है। वर्ष 2023 में समाजसेवी एवं मीडिया प्रोफेशनल मंगला प्रसाद तिवारी द्वारा स्थापित इस संस्था ने अल्प समय में मानव सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। संस्था की समर्पित टीम पिछले 200 से अधिक सप्ताहों से बिना किसी व्यवधान के प्रत्येक रविवार "रविवार की रसोई" अभियान संचालित कर रही है, जिसके माध्यम से अब तक 30 हजार से अधिक भोजन जरूरतमंदों एवं निराश्रित लोगों तक पहुंचाए जा चुके हैं।
मदद फाउंडेशन का उद्देश्य केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के उन लोगों तक सहायता पहुंचाना है, जिनके पास जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं का भी अभाव है। इसी उद्देश्य के तहत संस्था नियमित रूप से विभिन्न जनकल्याणकारी अभियान संचालित करती है। इनमें निःशुल्क भोजन वितरण, निःशुल्क पेयजल वितरण, निःशुल्क चप्पल वितरण अभियान, कंबल एवं गर्म वस्त्र वितरण, दवा एवं स्वास्थ्य सहायता अभियान, राशन सामग्री वितरण तथा आपातकालीन मानवीय सहायता प्रमुख हैं।
संस्था के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी ने बताया कि मदद फाउंडेशन का प्रत्येक सेवा अभियान समाज के सहयोग से संचालित होता है। संस्था को किसी भी प्रकार का सरकारी अनुदान प्राप्त नहीं होता, बल्कि जनसहयोग, क्राउड फंडिंग एवं समाज के संवेदनशील लोगों के सहयोग से यह सेवा यात्रा निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि प्रयागराज में कोई भी व्यक्ति भूखा, असहाय अथवा उपेक्षित न रहे।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक रविवार आयोजित होने वाले "रविवार की रसोई" अभियान में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक भाग लेते हैं और सम्मानपूर्वक जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराते हैं। इसके अतिरिक्त मौसम एवं परिस्थितियों के अनुसार संस्था समय-समय पर सर्दी में कंबल एवं गर्म वस्त्र वितरण, गर्मी में पेयजल सेवा, स्वास्थ्य शिविर, दवा वितरण तथा अन्य राहत कार्य भी संचालित करती रहती है।
मदद फाउंडेशन समाज के नागरिकों से अपील करता है कि वे अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, पुण्यतिथि अथवा अन्य विशेष अवसरों को जरूरतमंदों के साथ मनाएं तथा सेवा कार्यों में सहयोग दें। इच्छुक व्यक्ति अनाज, आटा, दाल, चावल, तेल, राशन सामग्री, कपड़े, कंबल, जूते, चप्पल, दवाइयां अथवा आर्थिक सहयोग प्रदान कर इस सेवा अभियान से जुड़ सकते हैं। संस्था का मानना है कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-सा सहयोग भी किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकता है। इसी सोच के साथ मदद फाउंडेशन लगातार सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल प्रस्तुत कर रहा है।


