कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर सक्षम पंडा (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 5 बजे हमलावरों ने सक्षम पंडा को फोन कर उसके घर से लगभग 100 मीटर दूर बुलाया। दोनों पक्षों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जिसके बाद सक्षम वापस अपने घर लौट आया और सीढ़ियों पर खड़ा था। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंचे। पीछे बैठे हमलावर ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी।
पहली गोली लगते ही सक्षम अपनी जान बचाने के लिए गली की ओर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया। करीब 50 मीटर दूर पहुंचकर दूसरी गोली मारी गई। जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ तीन और गोलियां चला दीं। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन बाहर निकले, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल सक्षम पंडा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी भोले पंजाबी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बुधवार को सक्षम ने संगम क्षेत्र में उसकी पूजा-पाठ की गुमटी में आग लगा दी थी। इसी विवाद को लेकर उसने सक्षम को बातचीत के लिए बुलाया था। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर उसने गोली चला दी। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
