एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियमों के प्रति किया गया जागरूक - By Coverage India


कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज 

प्रयागराज। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट प्रयागराज के पुलिस आयुक्त श्री जोगेंद्र कुमार सिंह के कुशल निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त श्री नीरज पाण्डेय के मार्गदर्शन में ब्रज बिहारी सहाय विद्या मंदिर, कादिलपुर प्रयागराज में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर संख्या-63, 16 उत्तर प्रदेश वाहिनी एनसीसी कैंप के दौरान छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में लगभग 600 एनसीसी कैडेट्स ने सहभागिता की। यातायात निरीक्षक एवं प्रशिक्षक पवन कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में प्रतिवर्ष हजारों लोगों की जान चली जाती है, जिसका प्रमुख कारण यातायात नियमों के प्रति लापरवाही है।

उन्होंने विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को मानकयुक्त हेलमेट तथा कार चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की सलाह दी। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन एवं इयरफोन के प्रयोग को बेहद खतरनाक बताते हुए इससे बचने की अपील की। उन्होंने छात्रों को सड़क पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने, दिशासूचक संकेतों को समझने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के प्रति भी जागरूक किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कैंप कमांडेंट कर्नल निशांत बरियार ने यातायात जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए यातायात निरीक्षक पवन कुमार पाण्डेय को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यशाला के दौरान छात्रों द्वारा पूछे गए यातायात संबंधी प्रश्नों के उत्तर भी दिए गए। इसके साथ ही उन्हें “गुड सेमैरिटन” नियम एवं यातायात के “दस स्वर्णिम सिद्धांतों” की जानकारी भी प्रदान की गई। इस अवसर पर समाजसेवी नितीश शुक्ल, मधुकर पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने