कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज
प्रयागराज। शहर के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में एक शिक्षण संस्था से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। ‘डायसिस ऑफ लखनऊ’ संस्था द्वारा संचालित स्कूल की महिला प्रिंसिपल ने संस्था के चेयरमैन (बिशप), उनके पुत्र, सेक्रेटरी एवं अपने पूर्व पति सहित चार लोगों पर दुष्कर्म, मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से नौकरी से निकालने की धमकी देकर उनका शारीरिक और मानसिक शोषण कर रहे थे। महिला ने शिकायत में कहा है कि संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारी उन्हें कार्यालय में बुलाकर अभद्र व्यवहार करते थे तथा विरोध करने पर धमकी दी जाती थी। महिला के अनुसार, आरोपियों द्वारा उन पर दबाव बनाया जाता था कि नौकरी बचाने के लिए उनकी बात माननी होगी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पूर्व पति को पूरे मामले की जानकारी थी, लेकिन उसने भी आरोपियों का साथ दिया। कर्नलगंज थाने में दर्ज FIR में मॉरिस एडगर दान (बिशप एवं संस्था के चेयरमैन), एलन दान, राकेश चत्री तथा विशाल नोवेल सिंह को नामजद किया गया है।
पीड़िता मूल रूप से बिहार की रहने वाली हैं और लगभग 15 वर्ष पूर्व प्रयागराज आकर संस्था से जुड़ी थीं। दो वर्ष पूर्व उनका तलाक हो चुका है। महिला का आरोप है कि जब उन्होंने एक आरोपी के घर जाने से इनकार किया, तब उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण एवं न्यायालय में बयान दर्ज कराने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि ‘डायसिस ऑफ लखनऊ’ संस्था पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई शिक्षण संस्थानों, चर्चों और सामाजिक कल्याण केंद्रों का संचालन करती है।
