प्रयागराज: होली मिलन एवं सम्मान समारोह में सेवा और संस्कार का संगम - By Coverage India

प्रयागराज: दारागंज स्थित धनराज वृद्धाश्रम में होली के पावन अवसर पर होली मिलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन केदारसुत फाउंडेशन, आरव फाउंडेशन एवं मयोपास चेरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में तथा भारत तिब्बत सहयोग मंच के संबोधन में संपन्न हुआ।

समारोह में वृद्धजन, अनाथ बच्चे एवं समाजसेवी युवा स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के वंचित एवं वरिष्ठ नागरिकों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करना तथा युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में श्री रौनक गुप्ता (डिविजनल हेड, सिविल डिफेंस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने वृद्धजनों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा युवाओं को समाजसेवा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट साहित्यिक अतिथि के रूप में गायक एवं संगीत अध्यापक नीरज शुक्ला तथा गायक-कवि ओम शिवम उपाध्याय ने अपने गीतों व काव्य प्रस्तुति से सभी को भावविभोर कर दिया।

केदारसुत फाउंडेशन के संस्थापक श्री विजेन्द्र पाठक ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए संस्था के प्रमुख उद्देश्यों निर्मल गंगा अभियान, गौसेवा एवं अन्य सामाजिक सेवा कार्यों में युवाओं से आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि संस्था निरंतर गंगा स्वच्छता एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन हेतु कार्यरत है।

आरव फाउंडेशन के संस्थापक श्री विवेक गुप्ता ने इस सामाजिक अभियान में सभी के सामूहिक सहयोग का आश्वासन दिया तथा युवा स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। वहीं मयोपास के अध्यक्ष श्री आशीष मिश्रा ने वृद्ध माता-पिता को गुजिया खिलाकर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं।

वृद्धाश्रम की संचालिका डॉ. सुजाता पाण्डेय ने सभी समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम में कोमल गुप्ता, रिया कुशवाहा, शाहीन, प्रियंका तिवारी सहित अनेक महिला समाजसेविकाएं सक्रिय रूप से उपस्थित रहीं। अधिवक्ता जितेंद्र तिवारी, अधिवक्ता विनय तिवारी, शुभ गुप्ता सहित अन्य गणमान्यजनों की भी महत्वपूर्ण उपस्थिति रही।

साथ ही श्री हिमांशु दुबे (प्रांत महामंत्री, बीटीएसएम), श्री विजय कुमार पाण्डेय (प्रांत अध्यक्ष, भारत तिब्बत सहयोग मंच), डॉ. वैशाली जैन (ज्योतिषाचार्य) एवं प्रतिबिंब (इंप्रिंटो) ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित कर शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

समारोह का समापन पारस्परिक सौहार्द, सम्मान एवं समाजसेवा के संकल्प के साथ हुआ। यह आयोजन सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों का सशक्त उदाहरण बना।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने