प्रयागराज में 09 से 16 मार्च तक 21 कुंडीय श्री महारुद्र महायज्ञ व श्रीमद्भागवत सप्ताह का भव्य आयोजन - By Coverage India

प्रयागराज। संगम नगरी की पुण्य धरा पर 09 मार्च से 16 मार्च 2026 तक भव्य एवं दिव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। अलोपीबाग स्थित महाराष्ट्र मंडल (निकट तिलक हॉस्पिटल) परिसर में 21 कुंडीय श्री महारुद्र महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न होगा। आयोजन का समापन 16 मार्च को पूर्णाहुति तथा विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण के साथ किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर शहर एवं आसपास के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।


आयोजन समिति के अनुसार यह धार्मिक अनुष्ठान परम स्नेही बाबा श्री सिद्धेश्वर महादेव जी की प्रेरणा, असीम अनुकम्पा एवं आशीर्वाद से आयोजित किया जा रहा है। प्रयागराज की पावन भूमि पर आयोजित इस महायज्ञ और भागवत सप्ताह का मुख्य उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना का विस्तार, धार्मिक संस्कारों का संरक्षण तथा सामाजिक सद्भाव और सेवा भावना को सुदृढ़ करना है।


कार्यक्रम का शुभारंभ 09 मार्च 2026, सोमवार को प्रातः 10:00 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इसके उपरांत प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक 21 कुंडीय श्री महारुद्र यज्ञ के वैदिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे। साथ ही श्रीमद्भागवत कथा का वाचन प्रतिदिन सायं 3:00 बजे से 6:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्ति, धर्म और आदर्श जीवन मूल्यों का संदेश प्रदान किया जाएगा।


16 मार्च 2026, सोमवार को दोपहर 12:00 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है, जिसके मद्देनज़र समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।


कथा व्यास के रूप में वैदिक श्री अनुज जी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का अमृतमय रसपान कराएंगे। वहीं यज्ञ संरक्षक के रूप में श्री वैदिक जी महाराज (प्रिन्स तिवारी), ज्योतिषाचार्य, की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु अनुभवी आचार्यों एवं विद्वान पंडितों की टीम वैदिक विधि-विधान के अनुसार समस्त अनुष्ठानों का संचालन करेगी।


आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आध्यात्मिक महायज्ञ और कथा सप्ताह में सहभागिता करें तथा तन-मन-धन से सहयोग प्रदान करें। जो श्रद्धालु यजमान बनना चाहते हैं अथवा किसी भी रूप में सहयोग देना चाहते हैं, वे मोबाइल नंबर 7860868929 पर संपर्क कर सकते हैं।


आयोजकों का विश्वास है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन से वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, समाज में नैतिक मूल्यों को बल मिलता है तथा लोककल्याण की भावना सशक्त होती है। यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सेवा के समन्वय का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनेगा।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने