प्रयागराज: कड़ाके की ठंड में फुटपाथ पर रहने वाले निराश्रित बच्चों की तकलीफ देखकर मदद फाउंडेशन ने एक बार फिर इंसानियत की अनुपम मिसाल पेश की। संस्था के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी और राष्ट्रीय महासचिव अमृता तिवारी ने रविवार की रसोई के 178वें सप्ताह में कई बच्चों को अपनी कार में बैठाकर शहर के महंगे शोरूम से उनकी पसंद के जूते-चप्पल दिलवाए।
कार्यक्रम के दौरान अमृता तिवारी ने देखा कि भयंकर सर्दी में भी कई बच्चे नंगे पांव घूम रहे हैं। उनका दिल पिघल गया और उन्होंने कहा, "हमारे पास इतने संसाधन हैं फिर भी ठंड सहन नहीं होती। ये मासूम खुले आसमान के नीचे कम संसाधनों में जी रहे हैं, उनके पास जूते तक नहीं इनका दर्द कैसे बर्दाश्त होता होगा?"
फौरन कार्रवाई करते हुए मंगला प्रसाद तिवारी और अमृता तिवारी ने बच्चों को अपनी गाड़ी में बिठाया और उन्हें प्रतिष्ठित फुटवियर शोरूम ले गए। वहां बच्चों ने अपनी मर्जी से जूते-चप्पल चुने और नए जोड़े पाकर उनकी आंखें खुशी से चमक उठीं।
मंगला प्रसाद तिवारी ने बच्चों से बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें बच्चे उत्साह से कह रहे हैं, "हमें बहुत अच्छा लग रहा है। हम पहले कभी कार में नहीं बैठे थे। कार देखकर छूने का मन करता था, लेकिन लोग भगा देते थे। आपने हमें बैठाया, बहुत मजा आ रहा है।"
बच्चों के माता-पिता ने आभार व्यक्त करते हुए कहा, "कोई हमारे बारे में नहीं सोचता, लेकिन आप लगातार भोजन, कपड़े, स्वेटर, जैकेट, जूते और मेडिकल मदद देते हैं। आप हमारे लिए भगवान हैं। बच्चों को कार में बैठाकर नए जूते दिलवाना हमारे लिए सपने जैसा है।"
मदद फाउंडेशन वर्षों से प्रयागराज में फुटपाथवासियों के लिए हर रविवार निःशुल्क भोजन-पानी उपलब्ध कराता है और समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित करता है। इस आयोजन में जिला अध्यक्ष अरविंद पांडे, गंगा पार जिला अध्यक्ष आदर्श पाठक, राजेंद्र पाल, पुनीत श्रीवास्तव सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

