बिना काम घर बैठे थे, अब सुपरस्टार बनने का भूत चढ़ा है... पढ़िए किसने अक्षय खन्ना को जमकर धोया!


कवरेज इंडिया न्यूज़ ब्यूरो मुंबई 

मुंबई। एक तरफ जहां अभिनेता अक्षय खन्ना अपनी हालिया फिल्म 'धुरंधर' की सफलता का स्वाद चख रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ बॉलीवुड के गलियारों से उनके लिए एक बेहद बुरी खबर आ रही है। 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी के दिग्गज प्रोड्यूसर कुमार मंगत पाठक ने अक्षय खन्ना के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने न सिर्फ एक्टर के व्यवहार को 'नेगेटिव' बताया, बल्कि उन पर लीगल एक्शन लेने की चेतावनी भी दे डाली है।

"जब कोई काम नहीं था, तब मैंने सहारा दिया"

प्रोड्यूसर कुमार मंगत पाठक ने एक इंटरव्यू में अपनी भड़ास निकालते हुए अक्षय के बीते दिनों की याद दिलाई। उन्होंने कहा, "एक दौर था जब अक्षय खन्ना के पास कोई काम नहीं था और वो 3-4 साल से घर बैठे थे। उस वक्त मैंने 'सेक्शन 375' बनाई, जिससे उन्हें नई पहचान मिली। तब भी इंडस्ट्री के लोगों ने मुझे चेतावनी दी थी कि उनका रवैया अनप्रोफेशनल है, लेकिन मैंने उनकी मदद की।"

'दृश्यम 2' के बाद बदले तेवर?

कुमार मंगत का आरोप है कि अक्षय खन्ना की आज जो भी चर्चा है, वह 'दृश्यम 2' की वजह से है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दृश्यम 2 में काम करने के बाद ही उन्हें बड़े ऑफर मिलने शुरू हुए। प्रोड्यूसर ने कड़े शब्दों में कहा:

"सेट पर अक्षय खन्ना की एनर्जी बहुत नेगेटिव रहती है। उन्हें लगता है कि वो सुपरस्टार बन गए हैं, लेकिन हकीकत ये है कि दृश्यम सिर्फ अजय देवगन के नाम पर चलती है।"

खुली चुनौती: "अकेले दम पर 50 करोड़ कमा कर दिखाएं"

प्रोड्यूसर ने अक्षय खन्ना की स्टार पावर पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें चुनौती दे डाली। उन्होंने कहा कि अक्षय जिन फिल्मों ('छावा' और 'धुरंधर') की सफलता का श्रेय ले रहे हैं, वो विक्की कौशल और रणवीर सिंह की फिल्में हैं।

"अगर अक्षय को लगता है कि वो बड़े स्टार हैं, तो अकेले किसी फिल्म को लीड करें, वो भारत में 50 करोड़ भी नहीं कमा पाएगी। कोई बड़ा स्टूडियो उन्हें सुपरस्टार वाला बजट देने का रिस्क नहीं उठाएगा।"

कानूनी कार्रवाई की तैयारी

बात सिर्फ जुबानी जंग तक नहीं रुकी है। कुमार मंगत ने साफ कर दिया है कि वे अक्षय खन्ना के गैर-पेशेवर रवैये से इतने आहत हैं कि अब कानूनी रास्ता अपनाने जा रहे हैं। 'दृश्यम 3' के आने से पहले इस बड़े विवाद ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हैरान कर दिया है।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने