कवरेज इंडिया न्यूज़ ब्यूरो प्रयागराज।
प्रयागराज, उत्तर प्रदेश - प्रयागराज में एक प्रतियोगी छात्र द्वारा की गई एक चौंकाने वाली हरकत ने सभी को हैरान कर दिया है। सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे इस छात्र ने यूट्यूब वीडियो की मदद से खुद को लड़का से लड़की में बदलने की कोशिश में अपना प्राइवेट पार्ट काट लिया। इस घटना के बाद, उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जान बचा ली है।
अमेठी का रहने वाला यह छात्र, जिसका नाम मनीष (काल्पनिक) है, प्रयागराज के सिविल लाइन्स इलाके में किराए पर रहता है। मनीष का मानना है कि वह अंदर से एक लड़की है और खुद को 'मोनिका' (काल्पनिक) के रूप में देखता है। इसी चाह में, उसने इंटरनेट पर सेक्स चेंज के तरीकों के बारे में जानकारी खोजी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मनीष ने घर पर ही लोकल एनेस्थीसिया का इस्तेमाल कर अपने प्राइवेट पार्ट को सुन्न किया और खुद ही उसे काटने की कोशिश की। इस दौरान अत्यधिक खून बहने लगा, जिसके बाद उसके परिजनों ने उसे तुरंत स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि जब मनीष को लाया गया, तब उसका काफी खून बह चुका था। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत सर्जरी कर खून बहना रोका और उसकी हालत स्थिर की। फिलहाल, छात्र को अंडर ऑब्जर्वेशन रखा गया है और जल्द ही उसे डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
यह घटना ईश्वर के दिए हुए शरीर को अपनी मर्जी से बदलने की एक खतरनाक कोशिश को दर्शाती है। मनीष का कहना है कि वह खुद को एक महिला के रूप में बदलना चाहता है, जिसके लिए उसने घर के पास की एक मेडिकल दुकान से एनेस्थीसिया का इंजेक्शन खरीदा था। इस घटना ने समाज में पहचान और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के मुद्दों पर एक नई बहस छेड़ दी है, और यह भी उजागर किया है कि कैसे लोग सोशल मीडिया और इंटरनेट के प्रभाव में आकर ऐसे खतरनाक कदम उठा रहे हैं।