कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज
प्रयागराज। एक हंसता-खेलता परिवार, आंखों में सुनहरे भविष्य के सपने और अपनों के साथ खुशहाल जिंदगी जीने की तमन्ना... लेकिन एक भीषण सड़क हादसे ने चंद पलों में पूरे परिवार को उजाड़ दिया। छठ पूजा मनाने अपने मूल निवास लौट रहे प्रयागराज के एक परिवार की खुशियां रास्ते में ही हमेशा के लिए बिखर गईं। गंगा एक्सप्रेसवे Ganga Expressway Accident पर हुए दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उनके दोनों मासूम बेटों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह एक ही हादसे में परिवार के चारों सदस्यों की जिंदगी समाप्त हो गई।
यह हृदयविदारक हादसा प्रयागराज के नीम सराय, मुंडेरा निवासी सौरभ उपाध्याय के परिवार के साथ हुआ। सौरभ बार्कलेज कंपनी में वाइस प्रेसिडेंट (VP) के पद पर कार्यरत थे। वह पिछले पांच-छह वर्षों से नोएडा में अपनी पत्नी मेनका उपाध्याय और दो बेटों व्योम व शिवोम के साथ रह रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, छठ पूजा मनाने के लिए सौरभ अपने परिवार के साथ निजी वाहन एक्सयूवी-300 से अपने मूल निवास के लिए रवाना हुए थे। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर पिलर संख्या 317 के नजदीक तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में सौरभ और उनकी पत्नी मेनका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चे व्योम और शिवोम गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद दोनों मासूमों को बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ग्रामीणों का आक्रोश, यूपीडा की गाड़ी पलटी
हादसे के बाद पुलिस और यूपीडा की टीम के मौके पर देरी से पहुंचने का आरोप लगाते हुए स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने यूपीडा की एक गाड़ी पलट दी। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर मौके पर पहुंचे हरदोई के अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) सुबोध गौतम ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया।
एएसपी सुबोध गौतम के अनुसार, पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिस बेटे को अरमानों से संवारा, उसी की अर्थी उठने की खबर ने तोड़ दिया परिवार
सौरभ के पिता जय गोविन्द उपाध्याय एमपी-एमएलए कोर्ट में एसपीओ (SPO) के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने अपने बेटे को बड़े अरमानों से संवारा था। सौरभ परिवार की उम्मीदों का आधार थे। अच्छी नौकरी, पत्नी और दो बच्चों के साथ खुशहाल जीवन और आगे बढ़ने के अनगिनत सपने थे। लेकिन एक पल की अनहोनी ने सब कुछ छीन लिया।
जिस घर में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, जहां त्योहारों की खुशियां साझा होती थीं और भविष्य के सपने बुने जाते थे, वहां अब सिर्फ अपनों को खोने का असहनीय दर्द रह गया है।
यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि सड़क पर तेज रफ्तार कितनी भयावह साबित हो सकती है। कुछ मिनट बचाने की जल्दबाजी कभी-कभी जिंदगी भर की खुशियां छीन लेती है। सड़क पर सावधानी और रफ्तार पर नियंत्रण सिर्फ अपनी नहीं, बल्कि पूरे परिवार की जिंदगी की सुरक्षा है।
