कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज
प्रयागराज। शहर के खेल प्रेमियों के लिए आज का दिन खास होने जा रहा है। सदाबहार क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित 'रात्रिकालीन रूलआउट कैशमनी प्रतियोगिता' का चौथा सीजन आज से प्रीतम नगर के गोकुल आवास स्थित पीला पार्क में प्रारंभ होगा। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले दूधिया रोशनी (फ्लड लाइट) में खेले जाएंगे।
हाई-टेक होगी प्रतियोगिता
आयोजन को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मैदान पर लिए गए फैसलों की सटीकता के लिए 'थर्ड अंपायर' की व्यवस्था होगी, वहीं टूर्नामेंट की पल-पल की अपडेट और स्कोरिंग ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
32 टीमों के बीच खिताबी भिड़ंत
नॉकआउट आधार पर खेली जाने वाली इस प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें शिरकत कर रही हैं, जिनके बीच कुल 31 मुकाबले होंगे। पिछले सीजन की चैंपियन 'श्रेष्ठ इलेवन' रही थी, जिसने फाइनल में शाजिद क्रिकेट क्लब को परास्त किया था।
विजेताओं पर इनामों की बारिश
प्रतियोगिता की विजेता टीम को 35,000 रुपये नकद और ट्रॉफी से नवाजा जाएगा। वहीं, उपविजेता टीम को 25,000 रुपये नकद और उपविजेता ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
