प्रयागराज की बहुचर्चित संस्था मदद फाउंडेशन के सेवा कार्यों को मिला सम्मान, पुलिस मित्र परिवार ने ‘रविवार की रसोई’ अभियान हेतु किया सम्मानित

प्रयागराज। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय प्रयागराज की बहुचर्चित संस्था मदद फाउंडेशन को बड़ा सम्मान प्राप्त हुआ है। यह सम्मान पुलिस मित्र परिवार द्वारा निराश्रितों के लिए संचालित रविवार की रसोई अभियान के अंतर्गत किए जा रहे मानवीय सेवा कार्यों के लिए प्रदान किया गया। इस अवसर पर मदद फाउंडेशन के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी, उनकी धर्मपत्नी अमृता तिवारी एवं बड़ी पुत्री काजल तिवारी को संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया। यह सम्मान जरूरतमंद एवं निराश्रित लोगों को नियमित रूप से भोजन उपलब्ध कराने की पहल के लिए दिया गया।

कार्यक्रम में पुलिस मित्र टीम के सदस्य, पूर्व आई जी के पी सिंह, डेप्युटी कमिश्नर ऑफ पुलिस पंकज कुमार, डिविजनल ऑफिसर सिविल डिफेन्स रौनक गुप्ता, यातायात अधीक्षक पवन कुमार पांडेय तथा आशीष मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि मदद फाउंडेशन विगत कई वर्षों से प्रयागराज में सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था द्वारा निराश्रितों एवं असहाय लोगों को निःशुल्क भोजन वितरण, जरूरतमंदों को वस्त्र एवं राहत सामग्री उपलब्ध कराना, आपदा व आपात स्थितियों में सहायता, तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े अनेक कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित किए जाते हैं। 


रविवार की रसोई अभियान के अंतर्गत प्रत्येक रविवार को जरूरतमंदों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाता है। सम्मान प्राप्ति के बाद श्री मंगला प्रसाद तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान संस्था और टीम को समाज सेवा के प्रति और अधिक जिम्मेदारी व प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने पुलिस मित्र परिवार एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। मदद फाउंडेशन भविष्य में भी मानव सेवा के उद्देश्य से अपने सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने