कवरेज इंडिया न्यूज़ ब्यूरो प्रयागराज
प्रयागराज : कड़ाके की ठंड में गरीब और निराश्रित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए मदद फाउंडेशन ने मंगलवार को प्रयागराज जनपद के गंगा पार क्षेत्र स्थित नेदूला ग्राम सभा में कंबल और स्वेटर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम संस्था के सर्दी के सिपाही अभियान का हिस्सा था, जो हर साल सर्दियों में संसाधनविहीन लोगों तक गर्म कपड़े और राहत सामग्री पहुंचाता है।
कार्यक्रम की अगुवाई संस्था के जिला अध्यक्ष (गंगा पार) आदर्श पाठक ने की, जबकि वरिष्ठ सदस्य राजकुमार दुबे ने उनका पूरा सहयोग किया। संस्था के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी के निर्देशन में स्थानीय टीम ने पहले से ही पात्र जरूरतमंदों की सूची तैयार कर ली थी। आदर्श पाठक और राजकुमार दुबे ने स्वयं आगे बढ़कर गरीबों और निराश्रितों को स्वेटर पहनाए और कंबल सौंपे, जिससे कार्यक्रम में मानवीय संवेदना की झलक साफ दिखी।
संस्था की टीम प्रयागराज से दोपहर करीब 1 बजे नेदूला पहुंची और वितरण कार्य शुरू किया। इस मौके पर संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी, राष्ट्रीय महासचिव श्रीमती अमृता तिवारी, जिला अध्यक्ष प्रयागराज अरविंद पांडेय, आदर्श पाठक, राजकुमार दुबे पिंटू, मुकेश कुमार मिश्र, राजेश तिवारी, अभिजीत बांडे, प्रेम प्रकाश, राजेंद्र पाल, आशीष शर्मा, रंजीत यादव सहित कई स्थानीय संभ्रांतजन उपस्थित रहे।
मंगला प्रसाद तिवारी ने बताया कि मदद फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से रविवार की रसोई और सर्दी के सिपाही जैसे अभियान चला रही है। हर रविवार फुटपाथ पर रहने वाले निराश्रितों को घर का बना पौष्टिक भोजन और पानी मुफ्त दिया जाता है। वहीं सर्दियों में सर्दी के सिपाही अभियान के तहत उन लोगों को चिन्हित किया जाता है जो आर्थिक तंगी के कारण स्वेटर, जूते या अन्य गर्म कपड़े नहीं खरीद पाते। संस्था की टीम ऐसे लोगों तक सीधे राहत सामग्री पहुंचाती है।
उन्होंने जोर देकर कहा, हम यह सुनिश्चित करते हैं कि दी जाने वाली हर सुविधा सही और सबसे योग्य पात्र तक पहुंचे। संस्था को किसी सरकारी अनुदान या बाहरी फंडिंग नहीं मिलती। हमारी टीम के सदस्य और पदाधिकारी अपनी आय का 10% हिस्सा संस्था को समर्पित करते हैं, जिससे ये नेक पहलें संचालित हो पाती हैं।




