मंगला तिवारी एवं उनकी पत्नी अमृता तिवारी बने 'यूथ आइकॉन ऑफ प्रयागराज 2024'

प्रयागराज। सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के क्षेत्र में मिसाल पेश करने वाले प्रयागराज निवासी मंगला प्रसाद तिवारी एवं उनकी धर्मपत्नी अमृता तिवारी को प्रतिष्ठित 'यूथ आइकॉन ऑफ प्रयागराज 2024' सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें सामाजिक संस्था 'विशाल संकल्प नारी जागृति संस्थान' द्वारा समाजसेवा में उनके निरंतर उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मीडिया स्टडीज सेंटर के कोर्स को-ऑर्डिनेटर डॉ. धनंजय चोपड़ा और ओलंपिक एसोसिएशन (प्रयागराज मंडल) के उपाध्यक्ष कुश श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दंपति को यह सम्मान सौंपा।

'रविवार की रसोई' से कोई नहीं सोता भूखा

उल्लेखनीय है कि मंगला प्रसाद तिवारी और अमृता तिवारी अपनी संस्था 'मदद फाउंडेशन' के माध्यम से सामाजिक बदलाव की एक अनोखी मुहिम चला रहे हैं। संस्था द्वारा प्रत्येक रविवार को 'रविवार की रसोई' का संचालन किया जाता है, जिसके तहत प्रतिमाह लगभग हजारों गरीब, असहाय, शोषित और वंचित परिवारों को पूर्णतः निःशुल्क पौष्टिक भोजन, पानी, दवाएं, कपड़े चप्पल, जूते, आदि उपलब्ध कराए जाते हैं।

18 बार रक्तदान कर पेश की मिसाल

मानवता की सेवा में समर्पित मंगला प्रसाद तिवारी अब तक 18 बार रक्तदान भी कर चुके हैं। विषम परिस्थितियों में भी असहायों और पीड़ितों की मदद के लिए तत्पर रहने वाले इस दंपति की इस उपलब्धि पर स्थानीय निवासियों एवं शुभचिंतकों में बेहद खुशी का माहौल है और सभी ने उन्हें बधाई दी है।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने