कवरेज इंडिया न्यूज ब्यूरो प्रयागराज
प्रयागराज। सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था के प्रतीक 'राधे राधे ग्रुप' के तत्वावधान में इस वर्ष भव्य श्री कृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक समारोह आगामी 4 सितंबर 2026 को छतनाग, झूसी स्थित पौराणिक एवं ऐतिहासिक श्री शंख माधव मंदिर प्रांगण में धूमधाम से आयोजित होगा। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करने के लिए मुंबई के सुप्रसिद्ध भजन गायक सूर्य प्रकाश दुबे विशेष रूप से पधार रहे हैं, जो शाम 8:00 बजे से भगवान श्री कृष्ण के भजनों की सुरमयी छटा बिखेरेंगे।
कार्यक्रम के आयोजक एवं छतनाग झूसी के पार्षद श्री शिव नारायण यादव 'घुन्नू जी' ने बताया कि समारोह की भव्य तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। इस पावन अवसर पर प्रयागराज के महापौर श्री गणेश केसरवानी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। आयोजन समिति और क्षेत्रीय पार्षद ने प्रयागराज एवं आसपास की सभी धर्मप्रेमी जनता तथा क्षेत्रीय निवासियों से अधिक से अधिक संख्या में श्री शंख माधव मंदिर पहुंचकर इस भव्य जन्मोत्सव का साक्षी बनने और पुण्य लाभ अर्जित करने का विनम्र आग्रह किया है।
