प्रयागराज। जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही बहुचर्चित संस्था मदद फाउंडेशन के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी एवं संस्था के मार्गदर्शक पं. कैलाश नाथ तिवारी को वरिष्ठ समाजसेवी रामचंद्र पांडेय ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह प्रयागराज जनपद के जंघई स्थित रामचंद्र पांडेय के निज निवास पर दर्जनों गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर रामचंद्र पांडेय ने मदद फाउंडेशन द्वारा निरंतर किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का सराहनीय प्रयास कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से ‘रविवार की रसोई’ अभियान की प्रशंसा करते हुए इसे और अधिक व्यापक स्तर पर विस्तार देने की आवश्यकता बताई तथा हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
रामचंद्र पांडेय स्वयं भी लंबे समय से सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ महाराष्ट्र जैसे महानगरों में भी गरीब, जरूरतमंद, निराश्रित बुजुर्ग महिलाओं एवं पुरुषों तक राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं, जिससे उन्हें समाजसेवा के क्षेत्र में विशेष पहचान मिली है।
सम्मान समारोह के दौरान संस्था के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 फरवरी को मदद फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘रविवार की रसोई’ का 185वां सप्ताह सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ। संस्था की टीम वर्तमान में लगभग छह प्रदेशों में सक्रिय है, जहां करीब 500 से अधिक कार्यकर्ता इस अभियान के माध्यम से फुटपाथ पर रहकर जीवन यापन करने वाले जरूरतमंद लोगों तक दो वक्त का भोजन एवं स्वच्छ पानी निःशुल्क पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त संस्था द्वारा शीत ऋतु में ‘सर्दी के सिपाही’ अभियान के तहत जरूरतमंदों को स्वेटर, जैकेट, कंबल, टोपी, मफलर सहित अन्य गर्म वस्त्र वितरित किए जाते हैं। संस्था का उद्देश्य केवल राहत सामग्री वितरण तक सीमित न रहकर समाज में सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना को सशक्त बनाना है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मदद फाउंडेशन के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की और संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान सर्व श्री कल्लू पाण्डेय, शतीश मिश्रा, टीन्नी पाण्डेय, डा. अरुण पाण्डेय, बब्बू मिश्रा, पप्पू पाण्डेय, रामचन्द्र मिश्रा आदि दर्जनों लोग उपस्थित थे।

